पंजाब में बुधवार को कोरोनावायरस से 70 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी एएनआई ने इस बात की पुष्टि की है। इसके बाद देश में कोरोनावायरस से मरने वालों का आंकड़ा चार पर पहुंच गया है। 12 दिन पहले वे जर्मनी और इटली से लौटे थे। इससे पहले कोरोनावायरस से कर्नाटक के कलबुर्गी, दिल्ली और मुंबई में एक-एक मौत हुई थी।
बुजुर्ग निगरानी में थे
बलदेव नवांशहर के पठलावा गांव के रहने वाले थे। सिविल अस्पताल बंगा की एसएमओ कविता शर्मा ने बताया कि बुजुर्ग को पहले से दिल की बीमारी थी। विदेश से लौटे जिन लोगों की निगरानी की जा रही थी, उस लिस्ट में इनका नाम था। 11 मार्च को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की, लेकिन तब तक उनमें कोरोना जैसे लक्षण नहीं थे। 18 मार्च को सुबह 6 बजे दिल में दर्द की शिकायत हुई तो परिजन उन्हें सिविल अस्पताल ले गए। आधे घंटे बाद ही उनकी मौत हो गई।